मामला अब तक

उन्नाव। यूपी के उन्नाव में सोने की तलाश के लिए हो रही खुदाई का आज दूसरा दिन है। पूरे देश की नजर उन्नाव के डौंडिया खेड़ा गांव में राजा राव रामबख्श सिंह के किले पर टिकी हुई हैं। किला परिसर में सोने के खजाने की तलाश के लिए आज एक बार फिर खुदाई का काम शुरू होना है। इससे पहले शुक्रवार को यहां करीब छह इंच ही खुदाई हो पाई।

खुदाई कर रही पुरातत्व विभाग की टीम का कहना है कि खुदाई करीब एक महीना चलेगी। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 144 लगा दी है। इलाके में तीन किलोमीटर तक बैरिकेडिंग है और पीएसी फोर्स तैनात कर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। खुदाई स्थल के आसपास दो और बैरिकेडिंग लगा दी गई है।

किले से तीन किलोमीटर तक बैरिकेडिंग की गई है। लोगों का आना-जाना बंद कर दिया गया है। मीडिया को भी खुदाई स्थल से 200 मीटर दूर रखा गया है। फिर भी खजाने को देखने के लिए लोगों के यहां जुटने का सिलसिला जारी है।



सोना है या सिर्फ धातु? 
खजाने की खोज के पीछे संत शोभन सरकार के सपने की चर्चा है लेकिन खुद संत शोभन ने इससे इनकार किया है, वहीं, जिला प्रशासन का भी कहना है कि ये खुदाई एएसआई और जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के विशेषज्ञों की रिपोर्ट पर हो रही है। रिपोर्ट में यहां किसी धातु की मौजूदगी बताई गई है। अब ये खुदाई के बाद ही तय होगा कि यहां सोना है या कोई और धातु या फिर कुछ भी नहीं। फिलहाल सभी लोग बड़ी उत्सुकता से इस पूरे अभियान पर नजर लगाए हुए हैं।

दुकानें बंद कराईं 

एक दिन पहले तक किले के आसपास जो दुकानें खुल गई थीं वो हटा दी गई हैं। लेकिन पगडंडियों के जरिए लोगों का यहां पहुंचना जारी है। ये मजमा लगा तो लखनऊ से कोई 50 किलोमीटर दूर उन्नाव के डौंडिया खेड़ा में है, लेकिन 500 किलोमीटर दूर दिल्ली तक में इसका असर दिखाई दे रहा है। सुप्रीम कोर्ट में खुदाई उसकी निगरानी में कराने की याचिका दाखिल की गई है। मौके पर सेना तैनात करने की मांग की गई है ताकि खजाना मिलने की सूरत में लूटपाट न हो, याचिका मंजूर हो गई है।

सपना कितना सच?
हर जगह यही चर्चा है कि इलाके के संत शोभन ने एक सपना देखा जिसमें एक राजा ने उनसे खजाने की बात कही। शोभन ने दावा किया है कि किले के खंडहर में 1 हजार टन सोना दबा है। साधु ओम जी उन्हीं शोभन सरकार के शिष्य हैं जिन्होंने डौंडिया खेड़ा में राजा राव रामबख्श सिंह के किले के खंडहर में खजाना होने का दावा किया है या यूं कहें कि भविष्यवाणी की है। संत शोभन कभी तस्वीर नहीं खिंचवाते हैं, लेकिन आईबीएन7 से एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने दावा किया कि उन्होंने सपने के आधार पर नहीं बल्कि किले के प्राचीन नक्शों के आधार पर खजाना होने की बात कही है। खुदाई से पहले डौंडिया खेड़ा के मंदिर में बाकायदा पूजा अर्चना की गई, इसके बाद पुरातत्व विभाग ने खुदाई शुरू कर दी। जाहिर इंतजार लंबा है लेकिन सवाल यही है कि संत की बोली खाली जाएगी, या ये खुदाई डौंडिया खेड़ा की झोली 1000 टन सोने के भंडार से भर देगी।

सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका

उधर, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल हुई है, जिसमें मांग की गई है कि खुदाई का काम सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो और खजाना मिलने की सूरत में लूटपाट न मचे, इसके लिए मौके पर सेना तैनात की जाए। सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका को सुनवाई के लिए मंजूर कर लिया है। खजाने की इस खोज को देखने के लिए डौंडिया खेड़ा में आसपास के लोगों का हुजूम लगा है, देशी-विदेशी मीडिया भी पहुंच चुका है। लेकिन तमाशबीन, पत्रकार, सब खुदाई वाली जगह से 200 मीटर दूर हैं। उन्हें वहीं रोक दिया गया है। इलाके में धारा-144 लगा दी गई है। लेकिन आसपास जमा सैकड़ों लोगों की भीड़ हटाने की कवायद होती दिखती नहीं है। इतना ही नहीं, खुदाई की जगह से 3 किलोमीटर दूर तक बैरिकेडिंग कर दी गई है।

उन्नाव के डौंडिया खेड़ा गांव में खजाने की तलाश में खुदाई जारी है. खुदाई शुरू होने के तीन दिन बाद आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) को कुछ उम्मीद नजर आने लगी है. किले में करीब तीन फीट की खुदाई पर एक दीवार का कोना नजर आया है. और एएसआई को
उम्मीद है कि इस दीवार के पार सोने का खजाना मिल सकता है.
किला और किले के अदंर बने जिस मंदिर में कल तक किसी की दिलचस्पी नहीं थी, अब उस किले का राज गहराने लगा है और लोगों की दिलचस्पी भी जगने लगी है. यहां खुदाई में जुटी एएसआई की टीम के चेहरे पर खुशी छलकने लगी है.उन्नाव के राजा राव राम बख्श सिंह के किले में तीसरे दिन सुबह 10 बजे जब खुदाई शुरू की गई तो किले के अंदर से प्राचीन सभ्यता से जुड़ी खास निशानी हाथ नहीं लगी. जैसे-जैसे खुदाई होती गई आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की टीम के चेहरे की मायूसी बढ़ती गई, लेकिन शाम होते-होते अचानक ही टीम का चेहरा खिल गया.

                                           by SUNIL KUMAR DHEENDHWAL


उम्मीदें हवा


उन्नाव के डौंडिया खेड़ा गांव में सोना मिलने की सारी उम्मीदें हवा हो गई हैं. 12 दिन की खुदाई के बाद सोने का तिनका भी हाथ नहीं लगा है, लिहाजा पुरातत्व विभाग (एएसआई) ने खुदाई बंद करने का फैसला किया है.

सोने की खुदाई को लेकर पहले तेजी दिखाने वाली सरकार ने भी सोना मिलने को लेकर पलटी मार ली थी. संस्कृति मंत्री चंद्रेश कुमारी कटोच ने बीते गुरुवार को कहा था कि डौंडिया खेड़ा में पुरातत्व विभाग सोना नहीं, 1857 में इस्तेमाल हुए पुराने हथियार खोज रहा है.

पुरातत्व विभाग तो शुरू से ही खुदाई की वजह को लेकर 'सेफ गेम' खेलता रहा. पुरातत्व विभाग के अधिकारी जुमलों का प्रयोग करते हुए कैमरे पर कहते रहे कि उन्हें कोई पुरानी चीज भी हाथ लगेगी तो वह भी उनके लिए सोने के बराबर होगी.

गौरतलब है कि साधु शोभन सरकार ने दावा किया था कि उन्होंने डौंडिया खेड़ा स्थित राजा राव रामबख्श के किले के पास 1000 टन सोना होने का सपना देखा है. मामला स्थानीय प्रशासन से होते हुए केंद्र तक पहुंचा था.

केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत ने प्रधानमंत्री, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को आनन-फानन में चिट्ठी लिख मारी थी. इसके बाद पुरातत्व विभाग की टीम छेनी-कुदाल लेकर डौंडिया खेड़ा पहुंच गई थी. दूर-दराज के लोग डौंडिया खेड़ा में तमाशा देखने जमा हो गए थे और खाने-पीने की अस्थायी दुकानों से मेले जैसा माहौल बन गया था.

अब जबकि खुदाई में एक फूटी कौड़ी भी नहीं मिली है, तो इंतजार है साधु शोभन सरकार के शिष्य और प्रवक्ता स्वामी ओम की प्रतिक्रिया का, जिन्होंने कहा था कि सोना न मिलने की स्थिति में वह सिर कटवाने को भी तैयार होंगे.

एक जवाब केंद्र सरकार को भी देना होगा क्योंकि अब उस पर अंधविश्वास के आरोप और तेज होंगे. चूंकि नरेंद्र मोदी पहले ही खुदाई पर सवाल उठा चुके हैं, तो हो सकता है कि खजाने के बहाने बीजेपी सुनियोजित रूप से कांग्रेस को निशाने पर ले.

बहरहाल डौंडिया खेड़ा का चैप्टर हमेशा के लिए क्लोज हो गया है. 1857 के हथियार भी नहीं मिले हैं. रह गई है तो बस एक कहानी, जो आप अगली पीढ़ी को मजे लेते हुए सुना सकेंगे.
                                       By SUNIL KUMAR DHEENDHWAL